राजस्थानी चिराग
नया शहर थाना इलाके में जस्सूसर गेट के बाहर सेटेलाईट होस्पीटल के पास रविवार की रात ज्वैलरी शो में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पर्दाफाश करने में जुटी पुलिस को अभी तक कोई सफलता हाथ नहंी लगी है। वारदात में लिप्त चोरों का सुराग लगाने का लिये थाना पुलिस की तीन विशेष टीमें चार दिन से दौड़ धूप में जुटी हुई है। सीआई नया शहर भवानी सिंह ने बताया मौका स्थल पर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए फुटेज और साक्ष्य सुरागों के आधार पर शातिर नकबजन का सुराग जुटाये जा रहे है। सीआई ने बताया कि सीसीटी फुटैज में एक ही शातिर नकबजन नजर आ रहा है लेकिन वारदात को दो-तीन नकबजनों ने मिल कर अंजाम दिया है। अब तक की जांच पड़ताल में यह भी खुलास हुआ है कि वारदात से पहले शातिर नकबजनों ने रैकी की थी। उन्होने बताया कि वारदात के सिलसिले में संदिग्धों को निगरानी में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीआई ने यह भी दावा किया है कि वारदात का जल्द ही खुलासा हो जायेगा। जानकारी में रहे कि रविवार की रात को शातिर चोरों ने सेटेलाईट अस्पताल के पास पीआर ज्वैलर्स शो रूम में सैंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से 34 लाख के सोने-चांदी के जेवर व नकदी ले उड़े। इस की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को ज्वैलरी शॉप के संचालक बंगलानगर निवासी स्वर्णकार राजेश सोनी ने बताया कि शनिवार रात को दुकान बंद कर वह घर चला गया। रविवार को ग्रहण के कारण दुकान खोली नहीं थी। सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे दुकान पहुंचा तो हैरान रह गया। दुकान में सारा सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात नकबजन दुकान से 550 ग्राम सोने के आभूषण, 19 किलो 700 ग्राम चांदी के आभूषण, सिक्के व बर्तन सहित गुल्लक में रखे 1.45 लाख रुपए चुरा कर ले गए। शातिर नकबजनों ने सीसीटीवी कैमरे और सेंसर व इन्वर्टर के तार काट दिए। वारदात के सीसीटीवी फुटैज में नजर आ रहे एक नकबजन के हाथ में प्लास व अन्य औजार थे। नकबजनों ने गैस कटर से स्ट्रांग रूम को काटने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुए।
स्वर्णकारों में गहराती जा रही दहशत
शहर में स्वणकारों के साथ हो रही लूट और चोरी की वारदात के कारण सर्राफा कारोबारियों में दशहत का माहौल गहराता जा रहा है,हालांकि राजस्थान पुलिस के महानिदेशक भूपेन्द्र ङ्क्षसह ने तमाम पुलिस अधीक्षक को आदेश जारी कर स्वर्णकारों के साथ लूट,डकैती और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिये निर्देश दे रखे है,इसके बावजूद बीकानेर में स्वर्णकारों के साथ अपराधिक वारदातों का सिलसिला लगातार जारी है। अभी पिछले पखवाड़े कोतवाली इलाके में भी अज्ञात चोर साधासर के स्वर्णकार राजूराम सोनी से दिन दहाड़े थैला लूट ले गये जिसमें एक लाख नगदी और सोने के जेवरात थे। इससे पहले कोतवाली इलाके में ही एक सिरफिरे ने जेपी ज्वैलर्स शो रूम में लूट का प्रयास किया था। इसके अलावा भी शहर में स्वर्णकारों के साथ लूट,डकैती और चोरी की कई वारदातें हो चुकी है। इनमें से अधिकांश वारदातों का आज भी खुलासा नहीं हो पाय है। चोर लूटेरे यहां स्वर्णकारों से लाखों का माल लूट ले जाते है और पुलिस हाथ मलती रह जाती है।
पुलिस नहीं दिखाती गंभीरता
वहीं बीकानेर सर्राफा के प्रतिनिधि बजरंग सोनी,कैलाश सोनी,सुनिल सोनी का कहना है कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि बीकानेर में लगातार अपराधिक वारदातों का शिकर हो रहे स्वर्णकारों में दहशत का माहौल है। उन्होने बताया कि पुलिस प्रशासन के निर्देशानुसार स्वर्णकारों ने अपने प्रतिष्ठानों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगा रखें है,इसके अलावा सुरक्षा के तमाम बंदोबश्त कर रखे है फिर उन्हे लगातार अपराधिक वारदातों का शिकार होना पड़ रहा है। उन्होने बताया कि स्वर्णकारों से लूट डकैती और चोरी की वारदातों के बाद पुलिस भी ज्यादा गंभीरता नहीं दिखाती जिसके कारण ना तो अपराधियों का सुराग लग पाता है और ना ही माल की बरामदगी हो पाती है। उन्होने बताया कि इन तमाम तथ्यों से मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को अवगत कराया जायेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
thank